विजया गार्डेन बारीडीह में छत पर बने कृत्रिम घाटों पर अर्घ्य अर्पण के साथ सम्पन्न हुआ छठ महापर्व
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बारीडीह (जमशेदपुर) : विजया गार्डेन वारीडीह में चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों की छत पर बने कृत्रिम घाटों पर प्रातःकालीन उदीयमान सूर्य भगवान भाष्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद प्रसाद वितरण के साथ पर्व का समापन हुआ।
सुबह का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। सुहागिन महिलाओं ने व्रतियों को सिन्दूर लगाकर सुहाग की दीर्घायु की कामना की तथा व्रतियों ने बच्चों को आशीर्वाद दिया। अर्घ्य अर्पण के पश्चात व्रतियों ने नारियल पानी एवं नींबू पानी से उपवास तोड़कर व्रत का समापन किया।


