संवाद 2026 युवा संसद का सफल समापन, परीक्षा सुधार पर बिल हुआ पारित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: दो दिवसीय युवा संसद कार्यक्रम संवाद 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में देश की परीक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रियाओं की पारदर्शिता और संस्थागत जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा की गई। दूसरे दिन सदन में “नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (स्टैच्यूटरी एम्पावरमेंट) बिल, 2026” बहुमत से पारित किया गया, जिसका उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिमी जमशेदपुर के विधायक सरयू राय ने युवा संसद की कार्यवाही का अवलोकन किया और इसे युवाओं के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का उत्कृष्ट मंच बताया।
समापन समारोह में प्रसिद्ध हृदय शल्य चिकित्सक ललित कपूर ने युवाओं को अनुशासन, समर्पण और समाज सेवा का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथियों ने भी नेतृत्व, नीति-निर्माण और सकारात्मक संवाद के महत्व पर प्रकाश डाला।
संस्थापक आर्यन कुमार, शौर्य गुप्ता और आदित्य पांडेय के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम युवा नेतृत्व और लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रभावी मंच बनकर उभरा। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

