सरायकेला में तिरंगा यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब
ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने देखी भारत की ताकत : चम्पाई सोरेन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला। आज सरायकेला में भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री श्री चम्पाई सोरेन शामिल हुए। इस दौरान हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर, भारतीय सेना की जीत का जश्न मनाया।
भारतीय सेना के समर्थन में लग रहे गगनभेदी नारों के बीच पूर्व सीएम ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर द्वारा भारत ने ना सिर्फ पहलगाम हमले का बदला लिया, बल्कि इस बार दुनिया को भारत की ताकत का अहसास हो गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारी सेनाओं ने जिस प्रकार पाकिस्तान को धूल चटाई, इसे उनकी आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।
उन्होंने भारतीय सेनाओं के पराक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे एयर डिफेंस सिस्टम ने हमारी सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की, तथा सेना ने बेखौफ अंदाज में, घर में घुसकर दुश्मन को नेस्तनाबूद कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक विशाल बाइक रैली से हुई। उसके बाद, सरायकेला के दुर्गा बाड़ी से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा पूरे बाजार का चक्कर लगा कर, एक सभा में तब्दील हो गई। इस दौरान 100 फीट लंबा एक तिरंगा लोगों के आकर्षण का केंद्र था।
इस तिरंगा यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, भाजपा नेता रमेश हांसदा, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा समेत दर्जनों कार्यकर्ता एवं हजारों लोग शामिल हुए।