जमशेदपुर में जेएसएलपीएस के कर्मचारी लगातार चौथा दिन भी रहे हड़ताल पर, कामकाज ठप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जेएसएलपीएस जिला कार्यालय के समीप सोमवार को झारखंड राज्य आजीविका कर्मचारी संघ के आह्वान पर कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में हड़ताल की। जेएसएलपीएस के 66 कर्मियों ने वेतनमान, सेवा स्थाईकरण और अन्य मांगों के लिए चौथा दिन धरना दिया। हड़ताल के कारण महिलाओं और गरीबों के लिए कई विकास योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
धरने पर बैठे कर्मियों ने कहा कि पांच सूत्री मांगों को लेकर कर्मियों ने पूर्व में सात और आठ अक्तूबर को जेएसएलपीएस राज्य कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया था। इस पर जेएसएलपीएस के जिला अध्यक्ष तुलसी मुर्मू ने सभी मांगों पर एक माह में पूरा कर देने का आश्वासन दिया था। इसके एक माह बीत जाने के बाद भी पांच सूत्री मांगों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।इससे क्षुब्ध होकर सभी कर्मचारी हड़ताल में चले गए। हड़ताल के दूसरे दिन जेएसएलपीएस कर्मियों ने जिला कार्यालय में पांच सूत्री मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
इनमें वेतनमान के लिए एनएमएमयू पॉलिसी लागू करना, जेएसएलपीएस कर्मी को राज्य कर्मी का का दर्जा देने, सेवा स्थाईकरण, वेतनमान में 10 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि, जेएसएलपीएस कर्मी को गृह जिला में वापसी समेत अन्य मांगे शामिल है।
जेएसएलपीएस कर्मियों की हड़ताल से कई योजनाएं प्रभावित जेएसएलपीएस के अधिकारियों और कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से महिलाओं, गरीब और वंचितों के लिए चलाई जा रही कई योजनाओं-कार्यक्रमों का काम प्रभावित हुआ है।
सरकार आपके द्वारा कार्यक्रम, बैंक लिंकेज, मुद्रा लोन, यूथ मोबिलाइजेशन, फूलों जानू आशीर्वाद योजना, आजीविका की योजनाएं, सामाजिक विकास समेत कई परियोजनाओं के काम ठप हो गए हैं। सीएलएफ, ग्राम संगठन, महिला स्वयं सहायता समूह स्तर पर चलाई जा रही विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
मोके पर उपस्थित पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष तुलसी मुर्मू,चित्रसेन भक्त,उत्तम सिन्हा, प्राणगोपाल मंडल,शिब दास घोष, प्रोमोद कुमार,नियाज़ अहमद, सुधाकर प्रकाश,निखिल महतो,सुभेंदु मंडल, सिद्धेश्वर सुंडी,आनंद सिन्हा, मंजुरी माईति,बिनय दे समेत जिला के एल-5 से एल-8 तक जेएसएलपीएस कर्मी सभी उपस्थित रहे।


