नारायणपुर (जामताड़ा) — स्वास्थ्य उपकेंद्र भव्य तथा हाईटेक बनेगा।यह हॉस्पिटल यहां के लोगों के लिए वरदान साबित होगा और अब यहां के लोगों को छोटे बीमारी के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। गांव वालों की मांग को देखते हुए उक्त उप स्वास्थ्य केंद्र को यहां देने का निर्णय लिया था। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का अपना वादा पूरा कर रही है। मैं एक डॉक्टर होने के नाते लगातार क्षेत्र की स्वास्थ सुविधा को लेकर सजग रहता हूं और सरकार के समक्ष अपनी मांगों को रखता हूं। हमारा जामताड़ा स्वस्थ रहे इसी को लेकर रात दिन चिकित्सा के क्षेत्र में कार्य कर रहा हूं। उक्त बातें विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने नारायणपुर प्रखंड के कोरीडीह टू गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के नये भवन के शिलान्यास समारोह में कहा। उन्होंने कहा कि अस्पताल का भवन बनने से आसपास के लोगों को लाभ होगा तथा इलाज के लिए अब नारायणपुर नहीं जाना होगा। यही इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। आवश्यक संसाधन यही उपलब्ध कराए जाएंगे. लोगों की समस्या के मद्देनजर अस्पताल बनवाया जा रहा है। विधायक ने कहा कि सभी लोग अपने बाल बच्चों को शिक्षा दें। शिक्षा अनमोल धन है इसे जतन से प्राप्त करना होता है। शिक्षित होंगे तो सभी समस्या का समाधान कर पाएंगे। कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कर रहे है। कहीं कोई भेदभाव नहीं है। विरोधी बेवजह अनाप-शनाप बयान बाजी कर रहे है। क्षेत्र की जनता सब देख रही है तथा विकास कार्यों से संतुष्ट है। आने वाले समय में विकास की गति और तेज होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में हम सभी झारखंड को विकसित राज्य बनाने में लगे हुए हैं। मौके पर बंदरचुवां पंचायत के मुखिया मोहम्मद सफीउल्लाह अंसारी, मोहम्मद मोफीज, सलीम अंसारी, अभय पांडेय आदि उपस्थित थे।