जमशेदपुर: ‘मईया सम्मान योजना’ में अनदेखी को लेकर सैकड़ों महिलाओं ने किया जोरदार प्रदर्शन
जमशेदपुर के प्रखंड कार्यालय के समक्ष मंगलवार को सैकड़ों महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। महिलाएं ‘मईया सम्मान योजना’ का लाभ न मिलने से नाराज थीं। प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना है कि उन्हें योजना के तहत मिलने वाली राशि अब तक नहीं मिली है, जबकि कुछ लाभुकों को तीन महीने की ₹7500 की राशि पहले ही दी जा चुकी है।
महिलाओं का आरोप है कि वे कई बार प्रखंड कार्यालय जाकर अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी लेने की कोशिश कर चुकी हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है, योजना की राशि नहीं।
प्रदर्शन के दौरान महिलाएं राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोशित नजर आईं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर सरकार को योजना चलानी है तो सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ मिलना चाहिए, अन्यथा इस योजना को बंद कर देना चाहिए।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को जल्द नहीं माना गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगी।
इस मामले में स्थानीय प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।