घाटशिला महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह संपन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला
घाटशिला कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की महिला इकाई द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समारोह पूर्वक आयोजित किया गया। उक्त समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पार्षद देवयानी मुर्मू, घाटशिला की बीडीओ युनिका शर्मा, सीओ निशात अंबर एवं घाटशिला अनुमंडल अस्पताल की डॉक्टर नमिता झा शामिल हुईं। सबों ने सर्वप्रथम दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उद्देश्य पर राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर इंदल पासवान ने अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया।
इस मौके पर अपने संबोधन में जिला पार्षद देवयानी मुर्मू ने कहा कि मैं जो कुछ भी हासिल की हूं, उसके पीछे मेरे माता-पिता, पति एवं घाटशिला कॉलेज का बड़ा योगदान है। वीडियो युनिका शर्मा ने कहा कि महिला सभी क्षेत्रों में सशक्त हैं। अब उन्हें कहीं कोई कठिनाई नहीं हो रही है। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने कहा कि महिलाएं सभी छात्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि घाटशिला महाविद्यालय में महिला शिक्षक एवं कर्मचारीगण को समान अधिकार मिल रहा है। महिला शिक्षक या कर्मी जो भी दायित्व लेती हैं, उसे शत् प्रतिशत पूरा कर दिखाती हैं।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रोफेसर अर्चना सुरीन ने किया। स्वागत भाषण वाणिज्य विभाग की प्रो सोमा सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन इतिहास विभाग की प्रोफेसर पुंजिसा वेदिया ने किया। कार्यक्रम में आए अतिथियों को प्राचार्य डॉ चौधरी ने अंगवस्त्र एवं पुष्प पौधा देकर उन्हें सम्मानित किया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कॉलेज की महिला शिक्षकों में प्रोफेसर सोमा सिंह, प्रोफेसर अर्चना सुरीन, प्रोफेसर पुंजिसा वेदिया, डा सिंगों सोरेन, डॉ रुचि स्मिता, डॉ सरयू पॉल, प्रोफेसर बसंती मार्डी, श्रीमती डेजी सेवा, श्रीमती सपना आश, शर्मिष्ठा पात्र, सोनल पटनायक, प्रतीक्षा मंजरी पातर, प्रबल मंजरी पातर, मल्लिका शर्मा एवं प्रतिभा सिंह
तथा महिला कर्मचारियों में सोनाली हेंब्रम, सेविका चक्रवर्ती, प्रियंका दत्ता, सुधा देवी एवं पुड़गी हेम्ब्रम को अंग वस्त्र एवं पुष्प पौधा देकर सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान पाकर सभी महिला अतिथि, शिक्षक एवं कर्मचारी बहुत खुश हुए। इस मौके पर काफी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।