तुलसी भवन में ‘मन का गवाक्ष’ काव्य संग्रह का लोकार्पण, साहित्यकारों की रही उपस्थिति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर स्थित सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/ तुलसी भवन के तत्वावधान में ख्यातिलब्ध कवि प्रदीप कुमार मिश्र के हिन्दी काव्य संग्रह “मन का गवाक्ष” का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. चंदेश्वर खां उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता सुभाष चन्द्र मुनका ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। अतिथियों द्वारा पुस्तक लोकार्पण के बाद वक्ताओं ने कृति की सराहना करते हुए कहा कि इसमें यथार्थ, देशभक्ति और पर्यावरण जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। मुख्य अतिथि ने हिंदी के तत्सम शब्दों के प्रयोग पर जोर दिया।
इस दौरान कवि प्रदीप कुमार मिश्र के साहित्यिक जीवन पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का संचालन सूरज सिंह राजपूत ने किया, जबकि स्वागत भाषण डॉ. प्रसेनजित तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन सरदार बलविंदर सिंह ने दिया।
समारोह में शहर के अनेक साहित्यकारों और साहित्य प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

