दिनकर परिषद की स्वर्ण जयंती सह दिनकर जयंती समारोह संपन्न कवि बुद्धिनाथ मिश्र रहे मुख्य अतिथि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:बिहार एसोसिएशन के साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रभाग दिनकर परिषद के तत्वावधान में दिनकर परिषद की स्वर्ण जयंती सह दिनकर जयंती समारोह का आयोजन राजेंद्र विद्यालय प्रेक्षागृह में किया गया। समारोह की अध्यक्षता बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. एन. चौधरी ने की, जबकि प्रख्यात कवि, गीतकार एवं चिंतक बुद्धिनाथ मिश्र मुख्य अतिथि तथा रामधारी सिंह दिनकर के पात्र ऋतिक उदयन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार एसोसिएशन द्वारा संचालित राजेंद्र विद्यालय की छात्राओं के स्वागत नृत्य से हुआ। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा दिनकर जी के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्वलन कर समारोह का उद्घाटन किया गया।
सभा की शुरुआत दिनकर परिषद की वरीय सदस्य डॉ. रागिनी भूषण के मंगलाचरण से हुई। इस अवसर पर स्वर्ण जयंती वर्ष पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम में भवेश कुमार ने दिनकर परिषद का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि अध्यक्ष बी. एन. चौधरी एवं महासचिव सी. पी. एन. सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रकवि दिनकर के योगदान पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

