महाराष्ट्र के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अरुण गुजराती ने सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न देने की मांग की
ठाणे: महाराष्ट्र के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अरुण गुजराती ने प्रख्यात समाज सुधारक और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी सावित्रीबाई फुले को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग की है।
उन्होंने आठ मार्च को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले बृहस्पतिवार को ठाणे में आयोजित एक सभा को संबोधित किया।
गुजराती ने महिलाओं के लिए समान अवसरों की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि महिलाओं को खासकर संयुक्त परिवारों में बहुत संघर्षों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने महिला शिक्षा और समाज सुधार में योगदान के लिए सावित्रीबाई फुले और ज्योतिबा फुले को भारत रत्न सम्मान दिए जाने की मांग की।
ठाणे के सांसद नरेश म्हास्के ने बेहतर समाज के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बात की।