सेवानिवृत्त शिक्षकों की बैठक में पेंशन भुगतान व सुविधाओं पर उठी आवाज, समिति का गठन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
कोल्हान विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक को-ऑपरेटिव कॉलेज के विवेकानंद कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुई, जिसमें पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में मांग की गई कि झारखंड के कुलाधिपति के आदेशानुसार पेंशन का भुगतान प्रत्येक माह की पहली तारीख को सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जीवन प्रमाण-पत्र को ऑनलाइन करने की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। शिक्षकों ने पेंशन भुगतान में हो रही देरी की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन शीघ्र संज्ञान नहीं लेता है, तो वे आगे कठोर कदम उठाने को बाध्य होंगे।
इसके अलावा, यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि सेवानिवृत्ति के 40-45 दिनों के भीतर सभी लाभ उपलब्ध करा दिए जाएं। बैठक के अंत में घाटशिला कॉलेज से सेवानिवृत्त प्रो. डॉ. अग्निमित्र ने को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर कुमार सिंह को धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में सेवानिवृत्त शिक्षकों की एक नई समिति का गठन भी किया गया। इसमें डॉ. के.सी. डे को अध्यक्ष, डॉ. एस.के. सिन्हा एवं डॉ. मुदिता चंद्रा को उपाध्यक्ष, डॉ. जयंत को सचिव तथा डॉ. सुबोध कुमार सिंह, डॉ. के.एन. प्रधान, डॉ. ए.के. पाल एवं डॉ. अशोक सिन्हा को सह-सचिव बनाया गया। डॉ. के.एम. महतो को कोषाध्यक्ष तथा डॉ. रागिनी भूषण, डॉ. किरण शुक्ला, डॉ. के.पी. शुक्ला, डॉ. आर.एन. ओझा और डॉ. आर.के. दयाल को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया।

