दिल्ली : भाजपा छह लोकसभा सीट, कांग्रेस एक पर आगे
नयी दिल्ली : निर्वाचन आयोग के रुझानों के अनुसार मंगलवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छह सीट और कांग्रेस एक सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, चांदनी चौक सीट से कांग्रेस के जय प्रकाश अग्रवाल 624 मतों के अंतर से आगे हैं।
उत्तर पूर्व दिल्ली सीट से भाजपा के उम्मीदवार मनोज तिवारी कांग्रेस के कन्हैया कुमार से 31,547 मतों से आगे हैं।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार कमलजीत सहरावत आम आदमी पार्टी (आप) के महाबल मिश्रा से 31,315 मतों से और उत्तर पश्चिम दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया 42,922 मतों से आगे हैं।
पूर्वी दिल्ली सीट पर ‘आप’ के कुलदीप कुमार भाजपा प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा से 9,407 मतों के अंतर से पीछे हैं।
भाजपा के रामवीर सिंह बिधूड़ी दक्षिण दिल्ली सीट से ‘आप’ के सही राम पहलवान से 13,201 मतों के अंतर से आगे हैं जबकि नयी दिल्ली सीट से भाजपा प्रत्याशी व वरिष्ठ नेता दिवंगत सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज 12,000 से अधिक मतों से आगे हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा का सीधा मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के गठबंधन से है।
भाजपा ने 2014 और 2019 के आम चुनावों में दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत दर्ज की थी।