रतन कुमार की रिपोर्ट
खुटौना (मधुबनी)। प्रखंड की पश्चिमी इन्डो-नेपाल सीमा के पास ललमनियां में बहती मुनहारा नदी में शुक्रवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था की डुबकी लगाई। नदी के सीढ़ीयुक्त पातालगंगा घाट पर स्नान का सिलसिला भोर से शुरू हुआ और दिन ढलते तक लगातार जारी रहा। स्नान करनेवालों में महिलाओं की संख्या पुरुषों के बराबर थी। सीमा पार के सिरहा और सप्तरी जिलों के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग स्नान करने आए थे। महिलाओं के स्नान की अलग व्यवस्था थी। उनके लिए वस्त्र परिवर्तन कक्ष बने हुए थे। प्रकाश की भी व्यवस्था की गयी थी। अप्रिय घटना से निपटने के लिए स्वंग्यसेवको की टीम तैनात थी। मेला समिति अध्यक्ष नारायण यादव, पंचायत के मुखिया मो. आजाद, महेंद्र महतो, सचिव मो. मुख्तार, कोषाध्यक्ष त्रिलोक पंडित, मेला प्रभारी सरपंच दिलशाद आलम, शिवशंकर यादव और रंजन यादव स्नान घाट तथा मेला स्थल की निगरानी में लगातार लगे हुए थे। मंदिरों में पूजा-पाठ और भजन– कीर्तन से समूचा माहौल भक्तिमय था। आम लोगों के मनोरंजन के लिए नृत्य संगीत का भी आयोजन था। थाना प्रभारी मो. गुलाम सरवर भी पुलिस अधिकारियों तथा चौकीदारों के साथ निगरानी में थे। इसी क्रम में उन्होंने मेला में घूम रहे तीन व्यक्तियों को शराब के नशे में गिरफ्तार भी कर लिया। गिरफ्तार लोगों की पहचान लौकहा थाना क्षेत्र के कारमेघ के शशि कुमार मंडल, ललमनियां थाना क्षेत्र के बिसनपुर के धर्मेंद्र कुमार भगत तथा नेपाल के सिरहा जिले के झांझपट्टी सोनरपुर के मो. रहमान के रूप में की गई है। मेला से सटे हाई स्कूल के मैदान में शुक्रवार से तीन दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता शुरू हुई जिसमें स्थानीय पहलवानों के साथ ही अन्य राज्यों के पहलवान भी शामिलहो हुए।