भाजपा महिला मोर्चा ने चलाया जनसंपर्क अभियान, मोदी सरकार बनाने की अपील की
मोदी सरकार में महिलाओं को मिला सम्मान व सुरक्षा: रीता मिश्रा
शनिवार, जमशेदपुर: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के सभी मोर्चों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को महिला कार्यकर्ताओं द्वारा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा के नेतृत्व में जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्रा कर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने बारीडीह बस्ती, भोजपुर कॉलोनी, घाघीडीह के हरहरगुट्टू, टीआरएफ कॉलोनी, सुंदरनगर मंडल के विभिन्न इलाकों समेत मानगो के कुमरूम बस्ती व आसपास सटे इलाकों के घरों में दस्तक देकर अभियान चलाया।
पदयात्रा के क्रम में केंद्र व राज्य सरकार के समन्वय से संचालित हुई योजनाओं का जिक्र कर जमशेदपुर सीट से उम्मीदवार विद्युत वरण महतो के पक्ष में समर्थन की अपील की गई। इस दौरान महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा ने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने अनेकों योजनाएं गृहिणियों को समर्पित की है। जहाँ, उज्ज्वला योजना से धुएं से आजादी मिली, हर-घर शौचालय अभियान से सम्मान मिला, सौभाग्य योजना से लालटेन से छुटकारा मिला, मातृत्व अवकाश से जच्चा-बच्चा को बेहतर स्वास्थ्य की गारंटी मिली। वहीं, सुकन्या समृद्धि, जननी सुरक्षा योजना समेत बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की जनमुहिम ने महिलाओं के प्रति समाज का नज़रिया बदल दिया है। कहा कि भाजपा के शासन में महिलाओं में सम्मान व सुरक्षा का भाव जगा है। इन सबमें मोदी सरकार द्वारा बलात्कारियों के लिए कड़े कानून बनाया जाना भी महत्वपूर्ण है।
पदयात्रा में मुख्यरूप से रीता मिश्रा, प्रीति सिन्हा, ज्योति अधिकारी, सोनिया साहू, सीमा दास, ममता कपूर, कैलासपति मिश्र, सीता सिंह, ममता लाल, कुंजलता देवी, संजू देवी, कुमकुम दत्ता, संगीता पत्रों समेत काफी संख्या में महिला कार्यकर्ताएँ मौजूद रही।