चतरा में तेज रफ्तार कार का कहर: राशन लेकर लौट रहे लूना सवार को रौंदा, हालत बेहद नाजुक; ग्रामीणों ने किया चतरा-हजारीबाग मार्ग जाम
राष्ट्र संवाद संवादाता
चतरा सदर थाना क्षेत्र के लोवागड़ा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में लूना सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घायल की पहचान लोवागड़ा निवासी फल्लू दांगी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि फल्लू डीलर के यहां से राशन लेकर लौट रहे थे, तभी हजारीबाग की ओर से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। कार में केनरा बैंक का मैनेजर सवार बताया जा रहा है। घायल फल्लू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें चतरा से हजारीबाग और फिर रांची के रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया गया है।जाम की सूचना पर बीडीओ, सीओ और सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। गांधरिया पंचायत के मुखिया संजय दांगी की मौजूदगी में अधिकारियों ने मुआवजे का आश्वासन दिया और सड़क सुरक्षा समिति में बात रखने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम हटा लिया गया। चतरा में लगातार हो रहे सड़क हादसों से लोगों में भारी दहशत और आक्रोश है।

