सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़, कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा : जिले के घोर नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल क्षेत्र में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) नक्सली संगठन के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगलों में उस समय हुई, जब सुरक्षाबल सर्च ऑपरेशन के तहत इलाके में अभियान चला रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर कोबरा, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सुरक्षाबलों के नक्सलियों के करीब पहुंचते ही नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए प्रभावी ढंग से जवाब दिया। मुठभेड़ काफी देर तक चली। इस दौरान कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि भारी दबाव पड़ने पर कुछ नक्सली जंगल और पहाड़ी इलाकों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। मुठभेड़ के बाद भी इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है।
सूत्रों के अनुसार, सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में कई बड़े नक्सली सक्रिय हैं, जिनमें माओवादी संगठन के शीर्ष नेता भी शामिल बताए जाते हैं। इसी को लेकर सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं।
फिलहाल पूरे इलाके में हाई अलर्ट है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। सुरक्षाबलों द्वारा बरामदगी और हताहतों की आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

