
मंसूरचक/बेगूसराय/रविशंकर सिंह,
देश भर में हिजाब को लेकर चल रहा विवाद मंसूरचक भी पहुंच गया है। एक तरफ जहां पूरे देश में हिजाब को लेकर सियासत गर्म है और बवाल मचा हुआ है। सत्ता पक्ष एवं विपक्ष आमने-सामने हैं तो वहीं बिहार के एक बैंक में हिजाब को लेकर खूब बवाल हुआ। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो मंसूरचक प्रखंड के यूको बैंक का है जिसमें एक लड़की द्वारा बैंक कर्मचारियों पर आरोप लगाया जा रहा है कि जब वह प्रत्येक महीने की भांति पैसा निकालने के लिए बैंक पहुंची तो बैंक के पदाधिकारियों द्वारा उसे हिजाब हटाने के बाद ही पैसे देने की बात कही गई। फिर क्या था लड़की को ये बात इतनी बुरी लगी कि वो अपने पिता को खबर मोबाइल से दिया और पिता के आने के साथ बैंक के सारे कर्मचारियों से भीड़ गई और जिरह करने लगी।
वीडियो में लड़की का पिता बताता दिख रहा है कि उसका पुत्र दूसरे प्रदेश में रहकर काम धंधा करता है एवं परिवार के जीविकोपार्जन के लिए प्रत्येक माह एक राशि भी भेजता है जो स्थानीय यूको बैंक के माध्यम से उसके परिजनों तक पहुंचती है। उक्त शख्स द्वारा यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि बैंक के कर्मचारियों के द्वारा कर्नाटक की तर्ज पर उसकी पुत्री को हिजाब हटाने की बात कही गई। उसने जब इस घटना का विरोध किया और वीडियो को शूट करना चाहा तो बैंक कर्मचारियों द्वारा मामला दर्ज करवाने की भी धमकी दी जा रही है।
वीडियो सामने आने के बाद यूको बैंक शाखा प्रबंधक रितेश कुमार ने भी पूरी घटना को लेकर अपना पक्ष रखा है।
सीनियर मैनेजर ने इस मामले में बताया कि कैशियर द्वारा किसी द्वेष और पूर्वाग्रह को लेकर हिजाब हटाने के लिए नहीं कहा गया था बल्कि उपभोक्ता का हस्ताक्षर मिलान नहीं होने पर उन्हें सिर्फ चेहरे की पहचान देने के लिए कहा गया था। बैंक मैनेजर ने बताया कि इसी बात को लेकर लड़की और उसके पिता द्वारा बैंक में हंगामा किया गया और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया।वही उक्त वीडियो वायरल होने के बाद पता चला है कि लड़की के साथ बैंक में लड़ने वाले पिता मंसूरचक के समसा एक पंचायत के वार्ड संख्या 14 के मतीन खान है ।
