पश्चिम बंगाल से आए 114 प्रवासी श्रमिक, गृह जिलों के बस में बैठाकर किया गया रवाना
भारत सरकार एवं राज्य सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम द्वारा बहरागोड़ा प्रखंड स्थित अंतर्राज्यीय सीमा पर पश्चिम बंगाल में फंसे प्रवासियों की आगवानी नियमित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज पश्चिम बंगाल प्रशासन द्वारा सौंपे गए कुल 114 श्रमिकों को मेडिकल स्क्रीनिंग के पश्चात भोजन-पानी उपलब्ध कराते हुए संबंधित गृह जिलों के बस में बैठाकर रवाना किया गया। बहरागोड़ा प्रखंड के बड़शोल थाना स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में सभी की मेडिकल थर्मल स्क्रीनिंग की गई। श्रमिको में पूर्वी सिंहभूम के 3, पश्चिमी सिंहभूम के 103 एवं खूंटी जिले के 9 लोग शामिल थे। अन्य दोनों जिलों के श्रमिकों को संबंधित जिले के बस में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की देखरेख में रवाना किया गया। इस मौके पर सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा गया एवं सभी श्रमिकों को क्वारंटाइन में रहने के दौरान क्या-क्या ध्यान रखान है इसकी जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बहरागोड़ा राजेश कुमार साहू, अंचल अधिकारी हीरा कुमार, थाना प्रभारी बड़शोल तथा अन्य उपस्थित थे।

