सरायकेला में दो हादसे, दो बुजुर्ग गंभीर, जमशेदपुर रेफर
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला थाना क्षेत्र में बुधवार शाम अलग-अलग स्थानों पर हुई दो दुर्घटनाओं में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया है।
पहली घटना शाम करीब चार बजे कांकड़ा रोड पर हुई। माठाडीह निवासी 51 वर्षीय कालीचरण महतो को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी अंदरूनी चोटें बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
दूसरी घटना धर्मशाला रोड की है। गोविंदपुर निवासी 75 वर्षीय पद्मलोचन पति चौधरी एक हार्डवेयर दुकान के मालवाहक वाहन में लगे डाला के हुक की चपेट में आकर घायल हो गए। उन्हें भी तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर भेज दिया। दोनों घटनाओं को पुलिस जांच रही है।

