
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
900 कुमारी कन्याओं की कलश शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय काली मेला। जय मां काली मेला समिति, राटन (उदनचक) के तत्वावधान में रविवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ चार दिवसीय काली मेला का शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में 900 से अधिक कुमारी कन्याओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ भाग लिया। मां काली के जयकारों और भक्तिमय गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
कलश शोभायात्रा की भव्यता
कलश शोभायात्रा का शुभारंभ काली मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हुआ। इसके बाद शोभायात्रा खजुरिया, बभैंन, कुशवाहा होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। वहां से उदनचक, पासवान मोहल्ला, राटन गांव का भ्रमण करते हुए बगरस, ध्यानचक्की तक गई और पुनः गुमतीपार के रास्ते काली मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई, जहां कन्याओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया। आयोजकों के अनुसार, इस भव्य शोभायात्रा में लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय की गई। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों द्वारा शरबत, लस्सी, नींबू पानी की व्यवस्था की गई।
कलश यात्रा को लेकर ग्रामीणों में गजब का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने धार्मिक आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में मुखिया पति सुरेश राम, उपमुखिया प्रतिनिधि अजीत कुमार महतो, सरपंच प्रतिनिधि बाला लखिंद्र पासवान, पंचायत समिति प्रतिनिधि बौएलाल साह, पूर्व सरपंच जयकांत यादव, पूर्व मुखिया आदित्य कुमार सिंह, पूर्व पंचायत समिति सदस्य पंकज पासवान, समाजसेवी जितेन्द्र कुमार जीतू, प्रवीण चक्रवर्ती, डॉ. मनोज शर्मा, रितीनंदन यादव, जवाहर पंडित, डॉ. विजय यादव, दीपक आजाद, दिलीप शर्मा, संजय शर्मा, रामउदय महतो, रामनंदन तांती, राजकुमार यादव, मनोहर तांती, समाजसेवी शांति देवी, टिंकू सुमन, अमरदीप कुमार, सूरज शर्मा, जिन्दल कुमार सहित अंकित, सुबोध, राहुल, बस्की, अनुज, रणवीर, सोनू, आयुष, गोयल एवं राजू समेत कई गणमान्य व्यक्ति एवं समाजसेवी कुमारी कन्याओं के साथ चलते रहे और उनका हौसला बढ़ाते रहे।
चार दिवसीय मेला में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेला समिति के कार्यकारी अध्यक्ष जयकांत यादव, सचिव राम उदय महतो एवं कोषाध्यक्ष दिलीप शर्मा ने बताया कि दीपावली की रात्रि में निशापूजन के उपरांत रविवार एवं सोमवार की रात्रि में विदेशिया नाच कार्यक्रम होगा। तथा 10 नवंबर मंगलवार की रात्रि को कानपुर से आए हुए कलाकारों द्वारा महाकाल का कार्यक्रम होगा। अंतिम रात्रि बुधवार को भोजपुरी के स्टार गायक-गायिका का कार्यक्रम होगा। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं के मनोरंजन हेतु टावर झूला, ड्रैगन झूला, ब्रेक डांस, नौका झूला, मिक्की माउस सहित अन्य कई तरह के झूले लगाए गए हैं। पूरा राटन गांव भक्ति के रंग में रंगा है और हर तरफ मां काली की जय-जयकार हो रही है। प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

