चतरा एसपी अनिमेष नैथानी फिर एक बार चर्चा में,महज 24 घंटा हुआ नही कि चोरी के मामले में दो को किया गिरफ्तार
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
चतरा: जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में विद्यालय से तड़ित चालक चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो तड़ित चालक, करीब 40 फीट तांबे का तार और घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामला उत्क्रमित मध्य विद्यालय नेयकी हेसाग का है। दुर्गा पूजा की छुट्टियों के दौरान विद्यालय बंद था। इसी बीच विद्यालय में लगे तड़ित चालक को तार सहित चोरी कर लिया गया। प्रधानाध्यापक के आवेदन पर 22 अक्टूबर 2026 को राजपुर थाना कांड संख्या 81/26 के तहत बीएनएस की धारा 305(e) में प्राथमिकी दर्ज की गई।
चतरा के एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर गठित छापेमारी दल ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी सुनिश्चित की। इस कार्रवाई को जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुश कुमार (19 वर्ष), पिता मदन भुइयां, और सुधांशु कुमार (19 वर्ष), पिता देवनन्दन भुइयां, दोनों निवासी नेयकी हेसाग, थाना राजपुर, जिला चतरा के रूप में हुई है। उक्त मामले की जानकारी चतरा सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिया।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी रूपेश कुमार, संदीप प्रसाद वर्मा, विजय कुमार सिंह और राजपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

