सिमरिया विधायक के पहल पर सीसीएल क्षेत्र की सड़कों पर बनेगा डायवर्सन और लेन ऑगमेंटेशन, प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: चतरा पथ प्रमंडल अंतर्गत कोल इंडिया लिमिटेड (CCL) क्षेत्र टंडवा से चतरा में पड़ने वाली सड़कों पर डायवर्सन (वैकल्पिक मार्ग) और लेन ऑगमेंटेशन (सड़क की लेन बढ़ाने) के निर्माण को लेकर पहल शुरू की गई है। इस संबंध में पथ निर्माण विभाग, झारखंड के केंद्रीय निरूपण संगठन के मुख्य अभियंता ने हजारीबाग पथ अंचल के अधीक्षण अभियंता को पत्र जारी कर प्रस्ताव तैयार कर समर्पित करने का निर्देश दिया है। जारी पत्र के अनुसार, इस कार्य के लिए CCL के संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार किया जाना है। साथ ही, कार्य को आगे बढ़ाने के लिए पथ निर्माण विभाग के मिट्टी अन्वेषण प्रमंडल, रांची तथा योजना एवं अन्वेषण प्रमंडल, रांची के कार्यपालक अभियंताओं से भी संपर्क स्थापित करने को कहा गया है। यह निर्देश पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख, झारखंड, रांची के पत्रांक 3296 (5)WE, दिनांक 31 जुलाई 2026 के संदर्भ में जारी किया गया है। इस पहल का उद्देश्य CCL क्षेत्र में पड़ने वाली सड़कों पर डायवर्सन और लेन विस्तार से संबंधित निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई करना है। पत्र मुख्य अभियंता, केंद्रीय निरूपण संगठन, पथ निर्माण विभाग, झारखंड, रांची की ओर से 18 सितंबर 2026 को जारी किया गया है। सिमरिया विधायक उज्जवल दास के द्वारा विभाग को पत्र लिखकर कोल दिलाई के लिए अलग सड़क निर्माण की मांग की गई थी। जिसके बाद विभाग एक्शन में आया और सड़क बनाने को लेकर ओर निर्देश जारी किया है।

