सिंदूर खेला के बाद मां दुर्गा को दी विदाई, ‘आसछे बोछोर आबार होबे’ के जयकारों से गूंजा माहौल
*कदमा नागरकोट दुर्गापूजा कमेटी ने निकाला विसर्जन जुलूस, विजया मिलन समारोह में दी एक-दूसरे को शुभकामनाएं*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जमशेदपुर
कदमा नागरकोट दुर्गापूजा कमेटी की ओर से विजयादशमी पर मां दुर्गा को भावपूर्ण विदाई दी गई। भक्तों ने नाचते-गाते विसर्जन जुलूस निकाला और खरकई नदी में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया। इस दौरान मां दुर्गा के जयकारों के साथ ‘आसछे बोछोर आबार होबे’ के उद्घोष से माहौल भक्तिमय हो उठा।
इससे पहले बुधवार सुबह महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला में हिस्सा लिया। उन्होंने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर अखंड सौभाग्य की कामना की। इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
शाम को कमेटी की ओर से विजया मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने एक-दूसरे को विजयादशमी की बधाई दी और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कमेटी के अध्यक्ष एमएस नंदी, सचिव पीके सिंह, देवाशीष नंदी, सुब्रतो मोहंती, सपना नंदी, संगीता सिंह, अनुपमा सिंह, शशि सिंह, बाबू दा, बी. साहू, अंजना मल्लिक, काकोली नंदी, लखींद्र महतो, निवेदिता सेनगुप्ता और सुजाता राय सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा।

