UCIL में ठेका मजदूरों के बकाया वेतन और बोनस पर भड़की यूनियन, प्रबंधन को लिखा पत्र
अर्जित अवकाश की राशि और न्यूनतम सुविधाएं देने की मांग, राकेश कुमार की कार्यशैली पर भी उठाए सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। यूसीआईएल जादूगोड़ा माइंस में ठेका मजदूरों के बकाया वेतन, अर्जित अवकाश और बोनस भुगतान को लेकर यूरेनियम कामगार यूनियन ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूनियन के महासचिव भरत लाल किस्कू ने 17 अक्टूबर 2026 को उप महाप्रबंधक (कार्मिक एवं औद्योगिक संबंध) को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
यूनियन ने आरोप लगाया है कि हजारों ठेका मजदूरों को समय पर वेतन, अर्जित अवकाश की राशि और बोनस का भुगतान नहीं मिल रहा है। साथ ही, कार्यस्थल पर न्यूनतम सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। यूनियन ने राकेश कुमार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।
पत्र में कहा गया है कि प्रधान नियोक्ता होने के नाते यूसीआईएल की जिम्मेदारी है कि ठेकेदारों से मजदूरों के कानूनी अधिकारों का पालन कराए। यूनियन ने बकाया राशि का तत्काल भुगतान कराने और अन्य समस्याओं का वार्ता के जरिए समाधान कर औद्योगिक शांति बहाल करने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), चाईबासा को भी भेजी गई है।

