*काण्ड्रा में 75वें वर्ष पर रावण दहन, उमड़े हजार दर्शक
*आतिशबाजी के बीच जला रावण का पुतला, दुर्गा प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
काण्ड्रा एसकेजी फुटबॉल मैदान में बुधवार शाम रावण दहन कमेटी ने 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में रावण दहन हुआ। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बनाया। इस दौरान काण्ड्रा बाजार और काण्ड्रा कॉलोनी की दुर्गा पूजा समितियों ने संयुक्त रूप से प्रतिमाओं का विसर्जन भी कराया।
जमशेदपुर के रघु एंड ग्रुप ने गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि झामुमो के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने कहा कि रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
कमेटी के उपाध्यक्ष राम महतो ने आयोजन को सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया। अध्यक्ष लालबाबू महतो ने आयोजन की सफलता पर अतिथियों, प्रशासन, पुलिस और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया।
*एसपी की निगरानी में सुरक्षा*
एसपी मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। पदमपुर से गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा तक सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई। एसपी कांड्रा थाना से कार्यक्रम पर नजर रख रहे थे। सुरक्षा के बीच समारोह शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, मुखिया शंकरी सिंह, पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा, पूर्व प्रमुख रामदास टुडू, भाजपा नेता प्रमोद सिंह और झामुमो नेता राजेश भगत समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

