हल्दीपोखर में ताला तोड़कर 30 हजार नकद और जेवरात की चोरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर में चोरों ने मंगलवार देर रात करण सरदार के घर का ताला तोड़कर 30 हजार रुपये नकद और करीब 30 हजार रुपये के जेवरात चुरा लिए। एक सप्ताह के भीतर इलाके में चोरी की दूसरी घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है।
करण सरदार के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य दुर्गापूजा मेला देखने गए थे। बुधवार तड़के करीब तीन बजे घर लौटने पर दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा था। जांच करने पर छोटे पर्स में रखे 30 हजार रुपये, चांदी की दो चेन और सोने की एक नाक की बाली गायब मिली। पीड़ित परिवार सब्जी बेचकर जीविकोपार्जन करता है। घटना की सूचना कोवाली थाना को दे दी गई है।
स्थानीय स्तर पर चोरी की घटनाओं को लेकर पहले भी चिंता जताई गई है। करीब एक सप्ताह पूर्व सरकारी अस्पताल के सामने आशिफ अली अंसारी के घर से कुंडी लगाकर 13 बकरियां चोरी कर ली गई थीं, जिनकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है। इससे पहले हृदय नगर के एक घर से 95 हजार रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी होने की घटना भी सामने आई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन मामलों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है।

