मानगो की हिल व्यू कॉलोनी में बंद घर से लाखों की चोरी, 12 लाख के गहने और डेढ़ लाख नकद गायब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत हिल व्यू कॉलोनी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर करीब 12 लाख रुपये के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, हिल व्यू कॉलोनी निवासी अनुपम ओझा महानवमी की रात करीब 12:30 बजे अपने घर में ताला बंद कर सपरिवार दुर्गा पूजा का उत्सव देखने गए थे। बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे जब वे घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और गोदरेज की अलमारी भी क्षतिग्रस्त थी। जांच करने पर करीब 12 लाख रुपये के गहने और डेढ़ लाख रुपये नकद गायब मिले।
घटना की जानकारी अनुपम ओझा ने स्थानीय एमजीएम थाने क़ो दी सूचना मिलने पर विकास सिंह मौके पर पहुंचे और चोरी की घटना की जानकारी ली।
विकास सिंह ने बताया कि चोरों ने बंद घर और अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि इस चोरी से अनुपम ओझा के परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। विकास सिंह ने जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए चोरी का जल्द खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।

