भीषण सड़क हादसे के बाद बवाल, एक की मौत- दर्जनभर घायल, आक्रोशित लोगों ने कार में लगाई आग
गिरिडीह: जिले के बिशुनपुर- खोरीमहुआ- धनवार मुख्य सड़क पर सोमवार को भीषण सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटना से आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल कार में आग लगा दी. आग की चपेट में आने से पास खड़ी एक टेंपो भी जल गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार ने पहले एक टेंपो में जोरदार टक्कर मारी. इसके बाद आगे बढ़ने के दौरान बाइक सवार भी उसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क जाम कर दी. पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क से हटाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग अपनी मांग पर अड़े रहे. इसी दौरान दुर्घटनाग्रस्त कार में आग लगा दी गई, जिसने पास खड़ी टेंपो को भी अपनी चपेट में ले लिया. फिलहाल एक व्यक्ति की मौत की सूचना है. घायलों की स्थिति और हादसे से संबंधित अन्य विवरण की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

