समरसता एक्सप्रेस के शौचालय में मिला यात्री का शव, चक्रधरपुर स्टेशन पर मचा हड़कंप
*मुंबई से शालीमार जा रही ट्रेन के एस-7 कोच में घटना, रेलवे पुलिस और मेडिकल टीम पहुंची*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चक्रधरपुर
मुंबई से शालीमार जा रही समरसता एक्सप्रेस के एस-7 कोच के शौचालय में शनिवार सुबह एक यात्री का शव मिलने से चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। शौचालय का दरवाजा काफी देर तक बंद रहने के बाद जांच की गई, तो अंदर यात्री का शव गमछे के सहारे लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। घटना से ट्रेन में यात्रियों के बीच हलचल मच गई।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, शव शौचालय के भीतर मिला है। रेल पुलिस ने शव को शौचालय से बाहर निकाल कर रेलवे डॉक्टर से जांच करवाई तो मौत की पुष्टि हुई। यात्री की पहचान और घटना से जुड़ी परिस्थितियों के संबंध में विस्तृत जानकारी आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

