फुलवड़िया बाजार में दिनदहाड़े लूटपाट, बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
दो बाइक पर सवार छह हथियारबंद अपराधियों ने मां पार्वती ज्वेलर्स को बनाया निशाना, घटना से दुकानदारों में दहशत
200 ग्राम सोना, दो किलो चांदी और एक लाख रुपये नकद लूटने का दावा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बरौनी /बेगूसराय
फुलवड़िया थाना क्षेत्र के व्यस्ततम फुलवड़िया बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने मां पार्वती ज्वेलर्स दुकान में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। दो बाइक पर सवार हेलमेट और मास्क लगाए करीब आधा दर्जन बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में हथियार लहराते हुए बाजार में ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसके बाद दुकान में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे बाजार में अफरातफरी मच गई और स्थानीय व्यवसायियों में दहशत व्याप्त है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार को दिन के करीब डेढ़ बजे दो बाइक पर सवार बदमाश फुलवड़िया बाजार पहुंचे। बदमाशों ने हथियार लहराते हुए एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की। इसके बाद दो बदमाश मां पार्वती ज्वेलर्स दुकान में घुस गए, जबकि चार बदमाश दुकान के बाहर रहकर लगातार फायरिंग करते रहे। अचानक हुई गोलीबारी से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना के समय दुकान में दुकानदार और कर्मचारियों के अलावा बरौनी थाना क्षेत्र की निवासी सुनीता देवी समेत करीब चार ग्राहक मौजूद थे। दुकान के पास गोली चलने से सभी लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। इसी दौरान बदमाशों ने दुकान में रखे जेवरात और नकदी लूट ली। वारदात के बाद सभी बदमाश पिस्तौल लहराते हुए तारा अड्डा की ओर आराम से फरार हो गए।
लूटपाट के बाद दुकानदारों ने बंद की दुकानें
दिनदहाड़े बाजार में ताबड़तोड़ फायरिंग और लूटपाट की घटना से आसपास के दुकानदारों में भय का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं। घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार और फुलवड़िया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।
मां पार्वती ज्वेलर्स के मालिक फुलवड़िया निवासी भवेश कुमार ने बताया कि बदमाश दुकान से करीब 200 ग्राम सोना, दो किलो चांदी और एक लाख रुपये नकद लूटकर ले गए हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास से आधा दर्जन से अधिक खोखा बरामद किया है। साथ ही, बदमाशों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फुलवड़िया बाजार जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई घटना के बाद बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मामले की जांच में जुटी है।

