दुर्गागंज बाजार के सराय कंसराय त्रिमुहानी पर पाइप फटने से जलभराव और टूटी सड़क से लोग परेशान, मरम्मत के बाद भी स्थिति जस की तस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
इंद्र यादव/उत्तर प्रदेश/भदोही जिले के दुर्गागंज बाजार के सराय कंसराय त्रिमुहानी मार्ग पर इन दिनों स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के बीचों-बीच पाइप फटने के कारण यहां भारी जलभराव हो गया है और सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को ठीक करने के लिए बीच में सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों के भीतर पाइप दोबारा फट गया और पानी सड़क पर बहने लगा। पाइप फटने से लगातार बह रहे पानी के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ हो गए हैं।
इस रास्ते से रोजाना गुजरने वाले स्कूली बच्चों, बाइक सवारों, साइकिल चालकों और ठेले-रेहड़ी वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क और जलभराव के चलते आए दिन यहां लोग फिसलकर गिरते रहते हैं। स्थिति यह है कि इस त्रिमुहानी पर हर दिन कोई न कोई हादसे का शिकार हो रहा है।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस लीकेज को स्थायी रूप से ठीक किया जाए और सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके और लोगों को इस नरकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।

