जमशेदपुर जू में तीन बाघ शावकों का जन्म, 19 अक्टूबर तक जनता से मांगे गए नाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में 23 सितंबर को बाघिन सुनैना ने दो मादा और एक नर समेत तीन शावकों को जन्म दिया। शावकों के पिता का नाम रुद्र है, जिसे नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से लाया गया था।
जू प्रबंधन के अनुसार, तीनों शावक पशु चिकित्सकों की निगरानी में हैं। एक मादा शावक को चोट लगने के बाद उपचार दिया गया है और उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है। फिलहाल उसका वजन करीब 1.8 किलोग्राम है। नर शावक का वजन 2.9 किलोग्राम और दूसरी मादा का 2.53 किलोग्राम है।
शावकों के नामकरण के लिए जू प्रबंधन ने आम लोगों से सुझाव मांगे हैं। इच्छुक लोग तीनों शावकों के लिए एक-एक नाम 19 अक्टूबर 2026 तक व्हाट्सऐप या मैसेज के माध्यम से +91 9438291637 पर भेज सकते हैं। चयनित तीन विजेताओं को जू में निःशुल्क प्रवेश पास और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।

