मुंबई, 14 अक्टूबर (भाषा) मुंबई में बुधवार सुबह एक राजमार्ग पर टैंकर और बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) बस की टक्कर हो जाने के कारण चार यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह दुर्घटना सुबह करीब छह बजे ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर छेड़ा नगर सिग्नल के पास हुई।
बेस्ट की लीज पर ली गई बस वैशाली नगर से माहुल की ओर जा रही थी। जब बस छेड़ा नगर सिग्नल के पास पहुंची, तो एक मोटरसाइकिल सवार अचानक उसके सामने आ गया और बस चालक को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा।
एक अधिकारी ने बताया कि चालक के दोबारा बस चलाने से पहले ही मुंबई से नवी मुंबई के वाशी की ओर जा रहे एक टैंकर ने बस के दाहिने हिस्से में बीच में तरफ टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण बस की दाहिनी ओर की तीन खिड़कियों के शीशे टूट गए और कांच के टुकड़े लगने से चार यात्री घायल हो गए।
अधिकारी के अनुसार, भाग्यश्री खेडकर (14) और अदिति कोयंडे (22) नामक दो महिला यात्रियों को चोटें आईं। बस का कंडक्टर दोनों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले गया।
दो घायल पुरुषों में से एक को मामूली चोटें आने पर घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि दूसरे को उसके परिजन एक निजी अस्पताल ले गए। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच के लिए दोनों वाहनों को खीचंकर तिलक नगर पुलिस थाने ले जाया गया।

