गुवा शहीदों को जनप्रतिनिधियों ने किया नमन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोआमुंडी प्रखंड स्थित गुवा बाजार के शहीद स्मारक पर मंगलवार को गुवा गोलीकांड के शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, मझगांव विधायक नीरल पूर्ति, डुमरी विधायक जयराम महतो, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन तथा चाईबासा जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने गुवा गोलीकांड के शहीदों के संघर्ष, साहस और बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। शहीद स्मारक पर मौजूद लोगों ने कुछ क्षण मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सिंहभूम प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम, कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मंत्री, सांसद, विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारियों का दल गुवा स्थित बिरसा चौक पहुंचा। यहां धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने बिरसा मुंडा के संघर्ष, आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा में उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम शहीदों के बलिदान और क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत के प्रति सामूहिक सम्मान का प्रतीक बना।

