एनआईटी में राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन कल से
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
एनआईटी जमशेदपुर में 9 और 10 सितंबर को दो दिवसीय ‘राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में होने वाले इस सम्मेलन का आयोजन एनआईटी जमशेदपुर, श्रीनाथ विश्वविद्यालय एवं इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, सरायकेला के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। सम्मेलन में 13 राज्यों से करीब 150 महिला शिक्षाविद एवं नेतृत्वकर्ता शामिल होंगी।
एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने सम्मेलन को संस्थान के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि महिला शिक्षा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के समग्र विकास को नई दिशा देने में यह मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा मुख्य अतिथि होंगी। प्रो. गौतम सूत्रधार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि एआईयू की महासचिव सह न्यास की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. पंकज मित्तल अध्यक्षता करेंगी। न्यास की राष्ट्रीय संयोजिका शोभा ताई और राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी का मार्गदर्शन भी मिलेगा।
आयोजन की संयोजिका कोल्हान विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति डॉ. शुक्ला महंती हैं। सह-संयोजिका डॉ. कविता परमार और सह-संस्था संयोजक कुलसचिव डॉ. सरोज कुमार सारंगी हैं। प्रेस वार्ता में आयोजन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी गई।

