टांगराईन विद्यालय में हुआ “रीडाथॉन”, पेड़ों की छाँव में पढ़े बच्चे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन में सोमवार को “रीडाथॉन” (सामूहिक वाचन) गतिविधि का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा एक से आठ तक के लगभग 60-70 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। यह गतिविधि पारंपरिक कक्षा-कक्ष से हटकर विद्यालय परिसर के छायादार वृक्षों के नीचे तथा खुले प्रांगण में संपन्न हुई।
छात्र-छात्राओं को समूहों में बाँटकर दरी एवं चबूतरों पर बैठाया गया, जहाँ उन्होंने पाठ्यपुस्तकों तथा रुचिकर पठन सामग्री का वाचन किया। शिक्षकगण विद्यार्थियों के बीच घूम-घूम कर उनका मार्गदर्शन करते रहे।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार तिवारी ने बताया, “बच्चों में पठन की आदत विकसित करने के लिए कक्षा से बाहर, प्रकृति के सान्निध्य में सीखने का अनुभव कारगर सिद्ध होता है। हमारा प्रयास है कि यह गतिविधि नियमित रूप से आयोजित की जाए, ताकि छात्रों का पठन कौशल एवं आत्मविश्वास दोनों मज़बूत हों।”
गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया तथा संपूर्ण कार्यक्रम अनुशासित एवं सुखद वातावरण में संपन्न हुआ।
🗞️ .

