सरिया काटते करंट की चपेट में आया मजदूर, मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता सरायकेला
खरसावां थाना क्षेत्र की शिमला पंचायत के पोड़ाडीह गांव में मेसो विभाग की ओर से कराए जा रहे धूमकुड़िया भवन निर्माण के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बनमली नायक के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार बनमली नायक निर्माणाधीन भवन में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान सरिया काटते समय वह अचानक बिजली के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद ठेकेदार बनमली को सदर अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि उसे अस्पताल में छोड़कर वहां से चला गया। जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे।
परिजनों ने निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। सूचना मिलने पर शिमला के ग्राम प्रधान प्रवीण प्रताप सिंह देव और केतन महतो भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए मृतक के आश्रितों को ठेकेदार की ओर से उचित मुआवजा देने की मांग की।
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और निर्माण स्थल पर बिजली व सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।

