सुदिव्य सोनू के निधन पर निगम में शोकसभा
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय में शोकसभा आयोजित की गई। निगम सभागार में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मेयर संजय सरदार ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू जनसेवा के प्रति समर्पित और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे। उनके निधन से झारखंड को अपूरणीय क्षति हुई है।
शोकसभा में डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, विभिन्न वार्डों के पार्षद, निगम पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत मंत्री के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी शोक-संवेदना प्रकट की।

