राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
शेन इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक संवाद सत्र आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता चितकारा विश्वविद्यालय के ऑफिस ऑफ स्ट्रैटेजिक इनिशिएटिव्स के निदेशक एवं आईआईएम कलकत्ता के पूर्व छात्र किरण कुरवाडे ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की प्रेरणा दी।
उन्होंने अपने व्यावसायिक अनुभव साझा करते हुए निरंतर सीखने, प्रभावी संवाद-कौशल, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तिगत विकास के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं को पहचानकर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा सकारात्मक सोच के साथ निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्राचार्या तंद्रिमा बनर्जी ने कहा कि ऐसे संवाद विद्यार्थियों की सोच को व्यापक बनाने के साथ उन्हें भविष्य के अवसरों और चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। प्रधानाध्यापिका सिमरन सग्गू ने भी विद्यार्थियों से सत्र में मिली सीख को व्यवहार में उतारने तथा संवाद एवं नेतृत्व कौशल विकसित करने की अपील की।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के बाद उनमें नई संभावनाओं की खोज और अपने लक्ष्य के प्रति आगे बढ़ने का उत्साह नजर आया।

