विक्रम शर्मा हत्याकांड में दून पुलिस फिर सक्रिय, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को नई टीमें गठित होंगी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिल्वर सिटी मॉल के पास हुए विक्रम शर्मा हत्याकांड की जांच अब दून पुलिस नए सिरे से आगे बढ़ाएगी। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर झारखंड और पश्चिम बंगाल में दबिश देने के निर्देश दिए।
गत 13 फरवरी को राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से लौट रहे विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी और शूटरों ने हरिद्वार से वाहन किराये पर लेकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बागबेड़ा निवासी यशराज सिंह को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए उसे मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर के साथ गिरफ्तार किया था।
मामले में आकाश प्रसाद, विशाल सिंह, आशुतोष सिंह, जितेन्द्र साहू और अंकित वर्मा समेत कई आरोपी अब भी फरार हैं। इन पर पुलिस ने दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। आरोपियों के घरों की कुर्की भी की जा चुकी है। छह माह बाद भी शूटरों की गिरफ्तारी नहीं होने के बीच पुलिस ने अब नए सिरे से अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। एसएसपी ने कहा कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाएगी।

