राष्ट्रीय खेल दिवस पर रामगढ़ में दौड़ा उत्साह, उपायुक्त ऋतुराज ने धावकों संग लगाई दौड़।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को रामगढ़ में ओपन क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के तत्वावधान में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त ऋतुराज ने हरी झंडी दिखाकर किया।
पुरुष वर्ग की दौड़ पटेल चौक एवं छावनी फुटबॉल मैदान से, जबकि महिला वर्ग की दौड़ निर्धारित स्थल से शुरू हुई। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उपायुक्त स्वयं धावकों के साथ दौड़े। उनके इस उत्साहवर्धक कदम ने प्रतिभागियों में जोश भर दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। रामगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जिला प्रशासन युवाओं को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, खेल पदाधिकारी, पुलिस बल, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और आम नागरिक मौजूद रहे।

