जमीन विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
टोंटो के केन्जरा टोला तारोबबुरू में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, आरोपियों की निशानदेही पर शव और खून लगी कुल्हाड़ी बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत केन्जरा टोला तारोबबुरू में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों मृतकों के शव बरामद करने के साथ हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
जगन्नाथपुर के एसडीपीओ राएफेल मुर्मू ने ट्रिपल मर्डर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना के पीछे जमीन विवाद सामने आया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की, जिसके बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर घटनास्थल से शव और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को रगमिया दोरायबुरू ने टोंटो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि जमीन विवाद के कारण अज्ञात अपराधियों ने उनके परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर शवों को छिपा दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन करते हुए आरोपियों तक पहुंची।
मृतकों की पहचान राजिन दोरायबुरू (करीब 40 वर्ष), उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू (करीब 38 वर्ष) और उनके पुत्र काण्डे दोरायबुरू (करीब 12 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरू के रहने वाले थे।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या की पूरी परिस्थितियों तथा घटना में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

