राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता-सैनिटेशन, निर्माण एवं भंडारण व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई।
विभागीय टीम ने श्याम स्वीट्स, बंगाल स्वीट्स, नंदी स्वीट्स, सालिग्राम स्वीट्स, न्यू गंगौर स्वीट्स सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। संभावित मिलावट की जांच के लिए मिठाइयों का मौके पर आयोडीन परीक्षण भी किया गया। विभाग के अनुसार जांचे गए नमूनों में मिलावट संबंधी परीक्षण परिणाम नकारात्मक पाए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश दुकानों में खाद्य निर्माण एवं हैंडलिंग में लगे कर्मचारियों द्वारा हेड कैप और ग्लव्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। हालांकि नंदी स्वीट्स में स्वच्छता एवं सैनिटेशन व्यवस्था में कमियां पाई गईं। विभाग ने प्रतिष्ठान को सुधार सूचना जारी करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी मिठाई कारोबारियों को निर्माण में औद्योगिक अथवा अनुमोदन रहित रंगों का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी। केवल एफएसएसएआई से अनुमोदित खाद्य रंगों का निर्धारित सीमा में प्रयोग करने को कहा गया। पर्व के दौरान विभाग की ओर से निरीक्षण एवं निगरानी अभियान जारी रहेगा।

