राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। त्योहार से पहले रसोई के बजट पर महंगाई की दोहरी मार पड़ी है। चीनी, प्याज और रिफाइंड तेल के दाम बढ़ने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। चीनी एक महीने में करीब 20 रुपये महंगी होकर 70 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है, जबकि प्याज का भाव एक सप्ताह में 30 से बढ़कर 60 रुपये किलो हो गया है। रिफाइंड तेल भी करीब 5 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है।
व्यापारियों के अनुसार प्याज की आवक कम होने, लगातार बारिश से फसल खराब होने और नई फसल आने में देरी के कारण कीमतों में तेजी आई है। वहीं, खुदरा विक्रेता संघ ने थोक व्यापारियों पर कालाबाजारी और स्टॉक छिपाकर कीमत बढ़ाने का आरोप लगाया है।
संघ ने जिला प्रशासन से बाजार में छापेमारी कर थोक गोदामों के स्टॉक की जांच कराने की मांग की है। त्योहार के ठीक पहले खाद्य सामग्री के बढ़ते दाम से गृहणियों की चिंता बढ़ गई है और घरेलू बजट प्रभावित हुआ है।

