जमशेदपुर में 59 किलो गांजा बरामद, छह तस्कर गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नशे के खिलाफ अभियान में सिदगोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लिट्टी चौक पर एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने करीब 59 किलो गांजा बरामद कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो और बाइक, तीन हजार रुपये नकद तथा पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाकर जमशेदपुर में खुदरा कारोबारियों को सप्लाई करने की बात बताई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुमार राव उर्फ अप्पा, मोतीलाल तांती उर्फ सूरज, गणेश निषाद, संतोष कुमार, लालचंद दास और राकेश प्रधान के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

