पोटका के चार +2 स्कूलों में बनेंगे फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी लैब, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत पोटका प्रखंड के अपग्रेड गवर्नमेंट +2 विद्यालय हल्दीपोखर में फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी लैब निर्माण कार्य का शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। इस दौरान पोटका प्रखंड के अपग्रेड गवर्नमेंट +2 विद्यालय जादूगोड़ा, मानपुर एवं सानग्राम में बनने वाले विज्ञान प्रयोगशालाओं का भी संयुक्त रूप से शिलान्यास किया गया।
विधायक को घेरकर छात्र-छात्राओं ने ली तस्वीरें, दिखा उत्साह
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं में विधायक संजीव सरदार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विधायक को घेर लिया और उनके साथ तस्वीरें लीं। छात्रों ने उनसे बातचीत भी की और अपनी समस्याएं साझा कीं।
छात्रों की समस्याओं का मौके पर किया समाधान
कुछ छात्र-छात्राओं ने विद्यालय से जुड़ी अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने मौके पर ही संबंधित लोगों से बात कर आवश्यक समाधान कराया तथा अन्य समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।
5 सितंबर को फिर मिलेंगे’—विधायक ने किया छात्रों से वादा
छात्रों के आग्रह और उत्साह को देखते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर वे एक बार फिर विद्यालय में आएंगे और विद्यार्थियों के साथ समय बिताएंगे। विधायक के इस आश्वासन से छात्र-छात्राओं में और उत्साह देखने को मिला।
विज्ञान की पढ़ाई को मिलेगी नई मजबूती
विधायक ने कहा कि फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की आधुनिक प्रयोगशालाएं बनने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ प्रयोगात्मक ज्ञान भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि गांव के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा के समान अवसर मिल सकें।
मौके पर विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र कुमार, शिक्षिका कुमारी गीता, संजू शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य चन्द्रावती महतो समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

