पोटका में सड़कें बनीं जानलेवा, 7 साल से सिर्फ नारियल फोड़कर किया जा रहा विकास : दुखनी सोरेन
*राष्ट्र संवाद / जादूगोड़ा/पोटका :* पोटका विधानसभा में सड़कों की बदहाली अब आम लोगों के लिए जानलेवा बनती जा रही है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, टूटी सड़कें और कीचड़ से लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।
इसी मुद्दे को लेकर समाजसेवी दुखनी सोरेन ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पोटका में पिछले 7 सालों से विकास के नाम पर जनता को सिर्फ ठगा गया है।
दुखनी सोरेन ने कहा, *”यहां हर जगह सिर्फ नारियल फोड़ा गया, फोटो खिंचवाई गई, लेकिन जमीन पर सड़क आज भी बदहाल है। विकास के वादे सिर्फ कागजों पर हैं, सूद लेने वाला कोई नहीं है।”*
*कई गांवों में एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती*
दुखनी सोरेन ने बताया कि विधानसभा के कई क्षेत्रों की स्थिति बेहद दयनीय है।
– मानपुर से पोडाडीहा जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह टूट चुकी है।
– डुमरिया और केरुवाडूंगरी पंचायत की सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जहां आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।
– सुंदरनगर-हल्दीपोखर मार्ग पर बरसात में सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है।
– इसके अलावा दर्जनों ऐसी ग्रामीण सड़कें हैं, जहां खराब रास्ते के कारण एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
*लगातार जनसंपर्क में हैं दुखनी सोरेन*
बताया जा रहा है कि दुखनी सोरेन पिछले कई दिनों से पोटका विधानसभा के विभिन्न पंचायतों में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क को ही अपनी सबसे बड़ी समस्या बताया।
दुखनी सोरेन ने कहा कि जनता की परेशानी अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है और इस गंभीर मामले को लेकर वह जल्द ही पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मिलकर सड़कों के निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेंगी।

