मृत्युंजय बर्मन,
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड, काण्ड्रा में दिवंगत कर्मचारी अशोक कुमार महतो के आश्रित को अनुकंपा के आधार पर नियोजन देने की मांग को लेकर आज सुबह से चल रहा शांतिपूर्ण धरना दोपहर बाद नए विवाद में घिर गया है। धरना दे रहे परिवार के समर्थन में जेएलकेएम कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद कंपनी के सुरक्षा कर्मियों पर कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार और रोक-टोक करने का आरोप लगा है।
धरना समर्थकों के अनुसार, कंपनी के रेलवे साइडिंग छोर पर पहुंचे जेएलकेएम कार्यकर्ताओं के साथ सुरक्षा कर्मियों की कहासुनी हुई। आरोप है कि एक कार्यकर्ता की बाइक की चाबी छीनने का प्रयास किया गया, जबकि दूसरे कार्यकर्ता को पकड़कर कथित रुप से कंपनी परिसर के भीतर ले जाया गया। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की बात कही जा रही है।
गौरतलब है कि अशोक कुमार महतो कंपनी में लैब असिस्टेंट के पद पर स्थायी कर्मचारी थे। उनके निधन के बाद परिवार अनुकंपा नियुक्ति की मांग कर रहा है। परिवार का दावा है कि कंपनी प्रबंधन के साथ पांच दौर की वार्ता के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद मुख्य गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना शुरू किया गया।
मामले में कंपनी प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में घटना से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है। रोजगार और आश्रित परिवार की आजीविका से जुड़े इस विवाद में प्रशासन की मध्यस्थता से संवाद का रास्ता निकालना तथा धरनास्थल पर कानून-व्यवस्था एवं लोकतांत्रिक विरोध के अधिकार दोनों की रक्षा करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

