आरएसबी ग्लोबल ने रक्तदान शिविर में जुटाई 340 यूनिट रक्त, सेवा भाव से मनाया चेयरमैन का जन्मदिन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया। आरएसबी ग्लोबल की यूनिट-IV, गम्हरिया में चेयरमैन डॉ. आर.के. बेहेरा के जन्मदिन के अवसर पर वार्षिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करीब 340 यूनिट रक्त दान किया।
इस अवसर पर श्रीमती संगीता बेहेरा और श्रीमती नलिनी बेहेरा ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बढ़कर मानव सेवा का कोई बेहतर उदाहरण नहीं है। जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की प्रत्येक यूनिट जीवन बचाने में महत्वपूर्ण होती है।
आरएसबी ग्लोबल की लीड एचआर जया सिंह ने कहा कि सामाजिक जिम्मेदारी कंपनी की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आरएसबी ग्रुप की विभिन्न इकाइयों में वर्षभर रक्तदान सहित कई सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। समूह की इकाइयां प्रतिवर्ष करीब 4,000 यूनिट रक्तदान करती हैं, जबकि गम्हरिया की इकाइयों का योगदान लगभग 1,800 यूनिट है।

