गोला में 59 जंगली हाथियों का आतंक, घर तोड़ा, फसलें रौंदी; ग्रामीणों में दहशत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड में जंगली हाथियों का बढ़ता झुंड का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले एक माह से गोला क्षेत्र में लगातार उत्पात मचा रहे 45 हाथियों के बीच 14 हाथियों का नया झुंड हेसापोड़ा जंगल में पहुंच गया। इसके साथ ही गोला प्रखंड क्षेत्र में हाथियों की संख्या बढ़कर 59 हो गई है। हाथियों के बढ़ते दबाव से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
किसानों की फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं। हेसापोड़ा जंगल में प्रवेश करते ही 14 हाथियों के झुंड ने सिंगारी गांव में बासुदेव महतो के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद हाथियों ने आसपास के खेतों में लगी धान की बिचड़ा, मक्का, सब्जियों समेत अन्य फसलों को खाकर फसलों को रौंद डाला। देखा जाए तो इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
बता दें कि जंगली हाथियों के बढ़ते झुंड की संख्या करीब 59 तक पहुंच चुकी है जो सिंगारी, महलीडीह, मगनपुर, सुतरी और हेसापोड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में टुकड़ों में बट गया है और भारी आतंक मचा रखा है। हालांकि पूरे मामले पर रामगढ़ जिला प्रशासन और डीएफओ नितीश कुमार द्वारा चार दिन पुर्व से ही लोगों को हाई अलर्ट किया गया साथ ही सतर्कता रहने की सूचना साझा किया गया है।

